
नगदी लूट के एक मामले में तोरवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सागर यादव निवासी बीरकोना एवं हाल मुकाम दीनदयाल कॉलोनी सरकंडा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल और लूट की गई रकम में से ₹1000 नकद जब्त की है। अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 जून की रात ग्राम ढेंका में विकास तिवारी से कुछ अज्ञात युवकों ने ₹10,000 की नगदी लूट ली थी। घटना की रिपोर्ट पीड़िता सुनीता तिवारी ने 15 जून को तोरवा थाने में दर्ज कराई थी। मामले में बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज की गई।पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर तत्काल जांच शुरू की गई और संभावित आरोपियों की तलाश तेज की गई।जांच के दौरान आरोपी सागर यादव की पहचान मुखबिर सूचना के आधार पर हुई, जो बिना नंबर की बुलेट से रेलवे स्टेशन क्षेत्र में घूमता मिला।पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने साथियों अनुराग सोनकर, मोहित सोनकर व अन्य के साथ मिलकर लूट की वारदात कबूल की। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।




