
तोरवा थाना पुलिस एवं साइबर टास्क टीम की संयुक्त कार्यवाही में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 11.80 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा एवं दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। मामले में थाना तोरवा में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।थाना प्रभारी तोरवा अभय सिंह बैस द्वारा सरहदी क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई थी और मुखबिर तैनात किए गए थे। हेमूनगर ओवरब्रिज के पास मैदान में दो संदिग्ध व्यक्ति भारी पीठ्ठू बैग लेकर खड़े हैं। सूचना की तस्दीक हेतु साइबर यूनिट व तोरवा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन देखते ही दोनों संदिग्ध भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ एवं बैग की तलाशी लेने पर दो अलग-अलग बैग में खाकी टेप से लिपटा कुल 11.80 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 32 हजार रुपये बताई गई है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहादुर सिंह राठौर, निवासी पेंड्रारोड जिला जीपीएम तथा इंद्रजीत कुरील निवासी कटनी जिला कटनी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाना स्वीकार किया है। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।




