Site icon Grand Gumber News

दक्षिण-पूर्व एशिया में कोविड के केस फिर बढ़े, भारत में भी सतर्कता जरूरी jn.1 वैरिएंट से दो मौतें, बिलासपुर के अस्पतालों में तैयारियां तेज

कोरोना वायरस एक बार फिर चर्चा में है। दक्षिण-पूर्व एशिया में कोविड के मामलों में तेजी देखी जा रही है और भारत में भी संक्रमण की वापसी के संकेत मिलने लगे हैं। भले ही WHO ने महामारी के अंत की घोषणा की हो, लेकिन JN.1 वैरिएंट से खतरा अभी टला नहीं है। महाराष्ट्र में संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। मुंबई में इस साल जनवरी से अब तक कोविड के 106 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 101 अकेले मुंबई से हैं। शेष केस पुणे, ठाणे और कोल्हापुर में मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, इन मरीजों में से 52 को हल्के लक्षण हैं, जबकि 16 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। चिंताजनक बात यह है कि इस दौरान दो लोगों की मौत कोविड संक्रमण से हो चुकी है।

जानकारी के मुताबिक, JN.1 वैरिएंट ओमिक्रॉन के उपवंश BA.2.86 से विकसित हुआ है। इसकी संक्रमण दर ज्यादा है, लेकिन अधिकतर मामलों में लक्षण हल्के हैं। फिर भी, कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों के लिए यह खतरनाक साबित हो सकता है। यही वजह है कि स्वास्थ्य एजेंसियां इसे लेकर सतर्क हैं और लगातार निगरानी कर रही हैं।छत्तीसगढ़ में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल में संभावित स्थिति से निपटने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि मेडिकल स्टाफ को अलर्ट किया गया है और जरूरी संसाधनों की समीक्षा की जा रही है, ताकि संक्रमण की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया दी जा सके।विशेषज्ञों के अनुसार, कोविड सिर्फ शारीरिक ही नहीं, मानसिक स्वास्थ्य पर भी असर डाल रहा है। विशेषकर शहरी इलाकों में एंग्जायटी और डिप्रेशन के मामले तेजी से बढ़े हैं।

लोगों में एक बार फिर संक्रमण को लेकर चिंता दिखाई दे रही है, जो पिछले अनुभवों से उपजी है।हालांकि फिलहाल भारत में मामले सीमित हैं, लेकिन सरकार ने सतर्कता बरतने की अपील की है। मास्क पहनने, भीड़ से बचने और हाथों की सफाई जैसे उपायों को दोबारा अपनाने की सलाह दी जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय लगातार राज्यों से डेटा मंगवा रहा है और निगरानी तेज की जा रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ का मानना है कि अभी घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन लापरवाही भी खतरनाक हो सकती है। जिन लोगों को अभी तक बूस्टर डोज नहीं मिली है, उन्हें जल्द वैक्सीनेशन पूरा कर लेना चाहिए। सतर्कता, जागरूकता और समय पर इलाज ही संक्रमण से बचाव का सबसे बड़ा हथियार है।

Exit mobile version