Site icon Grand Gumber News

दहेज प्रताड़ना से तंग युवती ने शनिचरी रपटा से अरपा नदी में लगाई छलांग, लोगों की आंखों के सामने हो गई ओझल

थाना सिटी कोतवाली अंतर्गत रपटा पुल के पास उस समय कोहराम मच गया जब पुल से आवागमन कर रहे लोगों ने एक युवती को पुल से नदी में छलांग लगाते हुए अपने आंखों से देखा। राहगीरों ने तत्काल इसकी जानकारी सिटी कोतवाली पुलिस को दी। नदी में छलांग लगाने वाली युवती अपनी सहेली के साथ रपटा पहुंची थी, जहां से वह नदी में कूद गई। घटना के बाद युवती की सहेली ने इस पूरे घटना की जानकारी युवती के घर वालों को दी। पता चला कि युवती का नाम आहिला चंद्राकर है। वह 19 साल की थी और शिव टॉकीज के पास रहती थी।

हालांकि उसका ससुराल चकरभाठा में है। पता चला कि युवती का विवाह श्रीराम कपड़ा शॉप में काम करने वाले चकरभाठा निवासी सुनील वाधवानी से हुआ था। शादी के बाद से ही युवती के ससुराल वाले उसे और उसके घरवालों को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। इसके चलते युवती कुछ दिनों से परेशान थी। दो दिन पहले ही ससुराल से मायके पहुंची थी और रविवार की शाम वह अपनी सहेली के साथ रपटा घूमने गई थी।

आशंका जताई जा रही है कि इसी बीच प्रताड़ना से तंग आकर आहिला ने रपटा पुल पहुंचकर नदी में छलांग लगा दी। जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस एवं आसपास के रहवासियों ने युवती को खूब ढूंढा लेकिन उसका पता नही चला।नदी में पानी का बहाव काफी तेज है, हो सकता है कि महिला बहकर कहीं और चली गयी हो। फिलहाल गोताखोरों की सहायता से भी लापता महिला की खोजबीन की जा रही है।

Exit mobile version