
आगामी दुर्गाोत्सव को लेकर जिला पंचायत सभाकक्ष में शांति समिति और दुर्गाोत्सव समितियों की बैठक कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसपी रजनेश सिंह की अध्यक्षता में हुई। अधिकारियों ने अपील की कि त्योहार सद्भावना और सौहार्द के साथ मनाया जाए तथा नगरीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए।कलेक्टर ने कहा कि पंडाल सड़क पर न बनें और ट्रैफिक व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता पर रहे।

एसपी ने चेतावनी दी कि तेज आवाज में डीजे, शराब पीकर वाहन चलाने और ट्रैफिक बाधित करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। निगम कमिश्नर अमित कुमार ने 25 अगस्त को जारी शासन की गाइडलाइन का पालन करने पर जोर दिया।बैठक में भीड़ प्रबंधन के लिए टोकन सिस्टम का सुझाव सामने आया और रावण दहन व विसर्जन के समय विशेष इंतज़ाम पर चर्चा हुई। प्रशासन ने साफ किया कि नियम विरुद्ध पंडाल या सड़क पर अतिक्रमण की अनुमति नहीं होगी। शांति समिति, दुर्गाोत्सव समितियों, पुलिस व निगम के समन्वय से तैयारियों की समीक्षा आगामी बैठक में की जाएगी।




