
अचानकमार टाइगर रिज़र्व से लगे छपरा गांव में गुरुवार देर रात चार जंगली हाथियों ने जमकर हंगामा मचाया। रात करीब 2.30 से 3 बजे के बीच हाथियों का दल दुर्गा मंदिर के पास बने एक कच्चे मकान में घुस गया। उन्होंने मकान को तोड़ते हुए अंदर रखा लगभग 50 किलो चावल, घरेलू सामान, कुर्सियाँ, सोलर लाइट और 500 लीटर क्षमता की पानी की टंकी नुकसान पहुंचा दी। इस मकान में रहने वाली गंगाबाई परिवार सहित किसी तरह जान बचाकर बाहर निकली और आसपास के लोगों को सूचना दी।

शोर सुनकर ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और ड्रम व टॉर्च की रोशनी का उपयोग कर हाथियों को गांव से बाहर भगाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों के मुताबिक यह हाथियों का दल पिछले कई दिनों से आसपास के गांवों में देखा जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सुरक्षा के चलते लोग रातभर अलाव जलाकर पहरा दे रहे हैं ताकि कोई बड़ा हादसा ना हो।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम गांव पहुंची और नुकसान का आंकलन किया। विभाग ने कहा कि मुआवजा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही पीड़ित परिवार को राहत दी जाएगी। इस बीच गांव के सरपंच अनिल अनंत ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के दल के आसपास न जाएं और किसी भी गतिविधि की तुरंत वन विभाग को जानकारी दें।




