Site icon Grand Gumber News

एक बार फिर देवरीखुर्द क्षेत्र में गहराया जल संकट, बूंद बूंद पानी के लिए तरस रहे क्षेत्र के लोग

गर्मी की शुरुआत से ही देवरीखुर्द में जल संकट की समस्या निर्मित हो गयी है। टेप नल खुलता नही है और अगर नल खुलता भी है तो उससे गन्दा पानी क्षेत्रवासियों को नसीब हो रहा है। इसके अलावा यहां वर्षों से सड़क और बिजली की भी समस्या नजर आ रही है।

बुधवार को बड़ी संख्या में इकट्ठा हुई महिलाएं वार्ड पार्षद और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करती नजर आयी। देवरीखुर्द वार्ड क्रमांक 42 पंचु नेताम में रहने वाले हजारों लोग 35 साल से क्षेत्र की विकास के लिए तरस रहे है। यहां सड़क बिजली के साथ वर्तमान में गर्मी की शुरुआत से ही पेयजल संकट की गंभीर समस्या निर्मित हो गयी है। बुधवार को देवरीखुर्द में दर्जनों की संख्या में इकट्ठा होकर महिलाओं ने वार्ड पार्षद लक्ष्मी यादव और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

बाल्टी और बर्तन लेकर पंचु नेताम क्षेत्र में एक जगह इकट्ठा हुई महिलाओं ने कहा कि यहां ना ही सड़क है ना ही नालियां। वहीं बिजली और पानी की भी समस्या वर्षों से बनी हुई है, जिसका आजतक निराकरण नही हो पाया है। इसी तरह अभी गर्मी की शुरूआत से ही क्षेत्रवासी पानी की एक एक बूंद को मोहताज होने लगे है। क्षेत्रवासी आसपास से अपने साधन अनुरूप थोड़ा बहुत पानी भरकर जैसे तैसे अपना गुजारा कर रहे है। जबकि क्षेत्रवासियों ने इसकी शिकायत भी वार्ड पार्षद लक्ष्मी यादव के साथ साथ जिला प्रशासन को भी लगातार कर चुके है। लेकिन अब तक हल नही निकला है। सभी के घर मे टेप नल तो लगे है, जो गंदा पानी उगल रहा है, जल स्तर नीचे चले जाने के चलते बोर से भी पानी नही आ रहा है। क्षेत्रवासियों ने पार्षद पर आरोप लगाया है कि उन्हें क्षेत्रवासियों से जरा भी सरोकार नही है। तभी तो पार्षद सब कुछ जानते हुए भी क्षेत्र में टैंकर तक की व्यवस्था नही करवाता है। नगर निगम सीमा क्षेत्र में गर्मी की दस्तक के साथ ही पेयजल की समस्या उठने लगी हैं। मौजूदा स्थिति में पंप जलने और तकनीकी खराबी वजह बन रही है। देवरीखुर्द, सिरगिट्टी, तालापारा, तारबाहर, जरहाभाठा मिनी बस्ती के साथ अन्य क्षेत्र प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में रहवासियों को पानी के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि अभी स्थिति बेकाबू नहीं हुई है, यदि समय रहते इन खामियों को दूर नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में पेयजल की समस्या विकराल रूप धारण कर सकती है।

Exit mobile version