Site icon Grand Gumber News

धान कोचियों पर जशपुर पुलिस की सख्ती ट्रक, पिकअप व ट्रैक्टर से 342 क्विंटल अवैध धान जप्त

धान खरीदी सीजन के दौरान अवैध धान परिवहन के खिलाफ जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना लोदाम और बागबहार क्षेत्र से एक ट्रक, एक पिकअप और एक ट्रैक्टर को पकड़ा है। इन वाहनों से कुल 580 बोरी में 342 क्विंटल धान जप्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 86 हजार 600 रुपये बताई गई है। जप्त धान को आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है।पुलिस के अनुसार थाना लोदाम क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर चेकिंग के दौरान झारखंड से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा 300 क्विंटल धान से भरा ट्रक पकड़ा गया, जिसके चालक के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। इसी क्षेत्र में एक पिकअप वाहन से भी 40 बोरी धान जप्त किया गया। वहीं थाना बागबहार क्षेत्र में बिना टोकन के 40 क्विंटल धान परिवहन करते ट्रैक्टर को भी पकड़ा गया।एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि सरहदी क्षेत्रों से अवैध धान आमद पर पुलिस की कड़ी नजर है। अब तक जशपुर पुलिस 1500 क्विंटल से अधिक अवैध धान जप्त कर जिला प्रशासन को सौंप चुकी है और आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Exit mobile version