
जांजगीर-चांपा जिले में धान खरीदी व्यवस्था की हकीकत उस वक्त सामने आ गई, जब कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने कई धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। प्रशासन की इस सख्ती के दौरान नैला, सिवनी, बोडसरा, जावलपुर और बलौदा स्थित केंद्रों में खरीदी प्रक्रिया, भंडारण व्यवस्था और दस्तावेजों की गहन जांच की गई, जिसमें गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।निरीक्षण के दौरान बोडसरा धान खरीदी केंद्र में सबसे बड़ी गड़बड़ी उजागर हुई। यहां बिना टोकन और बिना किसी आधिकारिक एंट्री के 95 बोरी धान अवैध रूप से संग्रहित पाया गया। यह धान नियमों के स्पष्ट उल्लंघन में रखा गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए सभी 95 बोरी धान को जप्त कर लिया।कलेक्टर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बोडसरा समिति के प्रबंधक और प्रभारी को उनके पद से हटाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर और एसपी ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी में किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जिलेभर में औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से धान खरीदी केंद्रों में हड़कंप मच गया है।




