
नए साल से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन से होकर चलने वाली एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का समय बदल जाएगा। रेलवे की नई समय-सारणी 1 जनवरी 2026 से लागू होगी, जिसके तहत कई गाड़ियों के प्रस्थान और आगमन समय में आंशिक परिवर्तन किया गया है। रेलवे ने परिचालन गति बढ़ाकर समय की बचत का दावा किया है।

नई समय-सारणी के अनुसार मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन समय में 10 से 25 मिनट तक और पैसेंजर ट्रेनों में 5 से 20 मिनट तक की बचत होगी। यह बदलाव गाड़ियों के प्रस्थान से आगमन तक की कुल यात्रा अवधि में किया गया है, जिससे यात्रियों को समय पर गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले 1 जनवरी 2026 से लागू नई समय-सारणी की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।

यात्री अपने संबंधित स्टेशन, रेलवे पूछताछ केंद्र या रेलवे की अधिकृत वेबसाइट से अपडेटेड टाइम-टेबल देखकर ही यात्रा की योजना बनाएं, ताकि किसी तरह की असुविधा न हो।दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार हर वर्ष विभिन्न स्टेशनों पर इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास कार्यों के चलते समय-सारणी में बदलाव किया जाता है।

इस बार बिलासपुर जोन से होकर चलने वाली और गुजरने वाली कुल 63 गाड़ियों—जिसमें अप और डाउन दिशा की 55 एक्सप्रेस तथा 8 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं—के समय में आंशिक परिवर्तन किया गया है, जबकि अन्य ट्रेनों का समय यथावत रहेगा।




