
रायपुर:- मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज नवा रायपुर स्थित सर्किट हाउस में यूनिफाइड कमांड की अहम बैठक संपन्न हुई। बैठक में नक्सल विरोधी अभियानों की समीक्षा के साथ-साथ विकास योजनाओं के असर और जमीनी क्रियान्वयन पर व्यापक चर्चा की गई।बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 20 महीनों में नक्सल विरोधी अभियानों में सुरक्षा बलों ने अभूतपूर्व सफलता दर्ज की है। जवानों की यह उपलब्धि प्रदेश में शांति और सुरक्षा स्थापित करने की दिशा में ऐतिहासिक मानी जा रही है।मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि नियद नेल्ला नार योजना के जरिए सरकारी योजनाओं को गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा रहा है। इसका लाभ आदिवासी इलाकों सहित राज्य के दूरस्थ अंचलों तक लोगों को मिल रहा है।बैठक में उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, केंद्रीय सुरक्षा बलों और भारतीय वायुसेना के अधिकारी शामिल हुए। वहीं दूसरी ओर, मंगलवार दोपहर मंत्रालय महानदी भवन में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक भी शुरू हुई, जिसमें राज्यहित के कई अहम मुद्दों पर विचार हो रहा है।




