
डिग्री कॉलेज की फ्रेशर पार्टी को लेकर नगर निगम ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम का विरोध उस समय शुरू हो गया जब सैकड़ों छात्र-छात्राएं रंग-बिरंगी वेषभूषा में प्रस्तुति देने पहुंचे। छात्रों ने बताया कि उन्होंने अनुमति के लिए पहले ही आवेदन किया था, जिसके बाद नगर निगम से स्वीकृति भी प्राप्त हो गई थी। कार्यक्रम स्थल पर भोजन की भी उचित व्यवस्था की गई थी।हालांकि, कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही पुलिस बल की मौजूदगी में बच्चों को प्रवेश से रोक दिया गया।

किसी स्पष्ट कारण के बिना कार्यक्रम रुकवाने पर छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला। सूचना मिलने पर कांग्रेस के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस के दबाव में यह निर्णय लिया गया है, जो लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।छात्र-छात्राएं गेट के बाहर घंटों तक अनुमति की प्रतीक्षा करते रहे। अंततः मौके पर एसडीएम पहुंचे और बातचीत के बाद माहौल शांत कराया गया। हालांकि, छात्रों के विरोध के बावजूद कार्यक्रम को निरस्त कर दिया गया।




