Site icon Grand Gumber News

नवंबर में बिलासपुर की ठंड ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड बर्फीली हवाओं से पारा लगातार नीचे, नया न्यूनतम तापमान बनने के आसार

उत्तर भारत से आने वाली बर्फीली हवाओं ने इस बार नवंबर में बिलासपुर की ठंड को असामान्य रूप से बढ़ा दिया है। शहर में शाम ढलने के बाद कंपकंपी छूटने लगी है और तापमान तेजी से नीचे जा रहा है। मौसम विभाग ने इसे पिछले दस वर्षों की तुलना में सबसे ठंडी नवंबर की शुरुआत बताया है।12 नवंबर को बिलासपुर का न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले दस वर्षों में नवंबर का सबसे न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री, वर्ष 2016 में दर्ज हुआ था। ऐसे में अनुमान है कि इस बार पारा और नीचे जा सकता है। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 28° और न्यूनतम 14.3° रहा, जबकि सरगुजा संभाग के मैनपाट में तापमान 4 डिग्री तक पहुंच गया है।पहाड़ी और वनांचल क्षेत्रों में ठंड का असर सबसे अधिक देखने को मिल रहा है। लोग दिन-रात गर्म कपड़ों, अलाव और चाय-गर्म पानी का सहारा ले रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में ठिठुरन बनी हुई है और बिलासपुर भी इससे अछूता नहीं है।विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर भारत से लगातार ठंडी हवाएं आने से तापमान में गिरावट हो रही है। 17 नवंबर से हल्की राहत मिल सकती है, लेकिन महीने के अंत तक कड़ाके की ठंड दोबारा लौटने के संकेत हैं। पश्चिमी विक्षोभ के चलते आसमान में हल्के बादल बन सकते हैं, हालांकि इससे तापमान में खास सुधार की उम्मीद नहीं है।

Exit mobile version