Site icon Grand Gumber News

नववर्ष से पहले कानन पेण्डारी जू में तैयारियों का जोर क्रिसमस की रिकॉर्ड भीड़ से उत्साहित प्रबंधन, न्यू ईयर पर बड़ी आमद की उम्मीद

बिलासपुर से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित कानन पेण्डारी जूलॉजिकल पार्क में नववर्ष को लेकर विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। क्रिसमस की छुट्टी के दिन जू में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी, जिसने प्रबंधन को आने वाले थर्टी फर्स्ट और न्यू ईयर को लेकर उत्साहित कर दिया है।25 दिसंबर को जू में सुबह से शाम तक 5 हजार 600 से अधिक पर्यटक पहुंचे। एक ही दिन में जू प्रबंधन ने करीब 96 हजार 345 रुपये का राजस्व अर्जित किया। इस रिकॉर्ड भीड़ के बाद प्रबंधन को उम्मीद है कि नववर्ष के मौके पर सैलानियों की संख्या और भी बढ़ेगी।न्यू ईयर को देखते हुए जू परिसर में रंग-रोगन और साफ-सफाई का काम तेज कर दिया गया है।

वन्यप्राणियों के केज की बाउंड्रीवाल को हल्के हरे रंग से रंगा जा रहा है, वहीं गार्डन एरिया में झाड़ियों और खरपतवार की सफाई की जा रही है। पर्यटकों की सुविधा के लिए अंदरूनी सड़कों के गड्ढों को मुरम से भरा जा रहा है।क्रिसमस के दिन पहुंचे सैलानियों ने व्हाइट टाइगर, शेर, तेंदुआ, भालू और चीतल, सांभर, नीलगाय जैसे शाकाहारी वन्यप्राणियों को देखकर खासा आनंद लिया। जू प्रबंधन बैटरी कारों की मरम्मत भी करा रहा है, ताकि बुजुर्गों और बच्चों को आसानी हो। शीतकालीन छुट्टियों और नववर्ष को देखते हुए प्रबंधन को इस बार रिकॉर्ड संख्या में पर्यटकों के आने की उम्मीद है।

Exit mobile version