

बिलासपुर :- बिलासपुर यातायात पुलिस ने नशे में ड्राइविंग और लापरवाही से हादसा करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ऐसे 831 मामलों का प्रस्ताव परिवहन विभाग को भेजा गया है।बीते दो महीने में पुलिस ने इन सभी चालकों को अलग-अलग कार्रवाई में पकड़ा था। इनमें से कई नशे में वाहन चला रहे थे, जबकि कुछ लापरवाही से हादसों के दोषी पाए गए।अब जिला परिवहन अधिकारी इन प्रस्तावों की जांच के बाद तय समयावधि के लिए चालकों के लाइसेंस निलंबित करेंगे। नियमों के मुताबिक नशे में ड्राइविंग करने वालों का लाइसेंस तीन से छह महीने तक निलंबित हो सकता है।यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क हादसों पर रोक लगाने और नियम तोड़ने वालों को सबक सिखाने के लिए यह कार्रवाई बेहद जरूरी है।




