
तखतपुर क्षेत्र से एक दिन पूर्व वायरल हुए वीडियो ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में पुलिस कर्मी रवि श्रीवास के साथ मौजूद एक व्यक्ति दुकान में काम करने वाले नाबालिग लड़के के साथ बेरहमी से मारपीट करता नजर आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि मौके पर मौजूद आरक्षक रवि श्रीवास मूकदर्शक बने रहे और वर्दी की गरिमा के अनुरूप कोई ठोस हस्तक्षेप नहीं किया।वीडियो में स्पष्ट दिखाई देता है कि नाबालिग के साथ हाथापाई की जा रही है, जबकि एक जिम्मेदार पुलिसकर्मी का कर्तव्य बीच-बचाव कर पीड़ित को सुरक्षा देना होता है। इसके उलट, पुलिसकर्मी की निष्क्रियता ने आम लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है।

सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।मामले को लेकर तखतपुर थाना प्रभारी विवेक पाण्डेय ने बताया कि घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच उपरांत जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।इस घटना ने न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि यह भी दर्शाया है कि वर्दीधारी कर्मियों से समाज को जिस संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की अपेक्षा होती है, उस पर खरा उतरना कितना आवश्यक है। पीड़ित नाबालिग के लिए न्याय की मांग अब तेज होती जा रही है।




