Site icon Grand Gumber News

नाली बंद कर बनाई बाउंड्रीवाल, महापौर के निर्देश पर हटाने की कार्रवाई, कालिका नगर और नेहरू नगर में विशेष सफाई अभियान के दौरान सामने आई लापरवाही

नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे विशेष नाली-नाला सफाई अभियान के तहत जोन क्रमांक 2 के वार्ड 7 कालिका नगर और जोन क्रमांक 3 के नेहरू नगर क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इसी दौरान नेहरू नगर में एक नव-निर्मित मकान के मालिक द्वारा गंभीर लापरवाही सामने आई, जहां मकान के पीछे स्थित नाली को पूरी तरह बंद कर उस पर बाउंड्री वॉल खड़ी कर दी गई थी।

इससे जल निकासी व्यवस्था बाधित हो रही थी और क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका थी।मामले को गंभीरता से लेते हुए महापौर पूजा विधानी ने मौके पर ही जोन कमिश्नर प्रवीण शुक्ला को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर संबंधित टीम ने बाउंड्री वॉल हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।महापौर ने स्पष्ट कहा कि शहर में जल निकासी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से भी अपील की गई कि वे स्वच्छता अभियान में सहयोग करें और नालियों को अवरुद्ध न करें।

Exit mobile version