
बिलासपुर में अवैध प्लाटिंग के मामले को लेकर निगम प्रशासन और कांग्रेस नेताओं के बीच टकराव बढ़ गया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता कर निगम पर गंभीर आरोप लगाए। लक्ष्मीनाथ साहू ने साफ कहा कि निगम द्वारा की गई अवैध प्लाटिंग की कार्रवाई से उनका कोई दूर-दूर तक नाता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड पार्षद गायत्री साहू के नेतृत्व में हुए शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के बाद निगम प्रशासन ने बदले की भावना से एफआईआर दर्ज कराई और विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।साहू ने कहा कि तिफरा क्षेत्र की 2.5 एकड़ जमीन में उनका या उनके भाइयों का केवल 60 डिसमिल कृषि भूमि दर्ज है, जिस पर न तो कोई प्लाटिंग हुई है और न ही क्रय-विक्रय। इसके बावजूद उनका नाम समाचार पत्रों में प्रकाशित कराकर छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है।उन्होंने निगम से सवाल किया कि क्या जनता की समस्याओं को उठाना अपराध है और क्या महिला पार्षदों का इसी तरह अपमान होता रहेगा? साहू ने स्पष्ट किया कि चाहे कितनी भी प्रताड़ना हो, वे जनता के हक की आवाज उठाना बंद नहीं करेंगे और हर स्तर पर आंदोलन जारी रहेगा। लक्ष्मीनाथ साहू ने कहा कि जनता के मुद्दों को दबाने और जनप्रतिनिधियों को डराने की कोशिश लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है। उन्होंने दोहराया कि चाहे कितनी भी बाधाएं आएं, वे जनता की आवाज बनकर खड़े रहेंगे और अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।




