
बिलासपुर– बिलासपुर नगर निगम की लापरवाही को लेकर मंगलवार को वार्ड क्रमांक 5 की पार्षद गायत्री लक्ष्मीनाथ साहू के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने महापौर चेंबर के सामने मटका फोड़कर निगम प्रशासन के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया। इससे मौके का माहौल गरमा गया। तिफरा के डॉ. खुबचंद बघेल नगर, भगत सिंह आज़ाद नगर और यादव नगर में पिछले कई महीनों से पानी और बिजली की गंभीर समस्या बनी हुई है। वार्डवासियों का आरोप है कि नगर निगम चुनाव के छह महीने बीत जाने के बावजूद न तो पेयजल की व्यवस्था सुधरी और न ही सड़क और रोशनी की हालत दुरुस्त हुई।इन्हीं समस्याओं को लेकर वार्डवासियों ने विकास भवन का घेराव किया। पार्षद गायत्री साहू के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने महापौर पूजा विधानी और निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गुस्से में उन्होंने महापौर कार्यालय के बाहर प्रतीकात्मक रूप से मटका फोड़कर विरोध दर्ज कराया।पार्षद गायत्री साहू का कहना है कि जनता टैक्स भर रही है, लेकिन सुविधाओं से वंचित है। कई बार लिखित और मौखिक निवेदन के बावजूद निगम प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उनका कहना है कि अगर हालात ऐसे ही बने रहे तो ‘सुविधा नहीं तो टैक्स नहीं’ का आंदोलन तेज किया जाएगा। वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि पानी और बिजली की समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र होगा। फिलहाल इस प्रदर्शन के बाद नगर निगम प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है। देखना होगा जनहित के लिए नगर निगम किस तरह से कदम आगे बढाता है।




