
शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन इसके बावजूद कई चौक-चौराहों पर अभी भी लोगों में यातायात नियमों को लेकर जागरूकता की कमी साफ नजर आ रही है विशेषकर लेफ्ट फ्री को लेकर वाहन चालकों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है जिसके कारण आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। शहर के प्रमुख चौराहों पर देखा जा रहा है कि कई वाहन चालक लेफ्ट फ्री होने के बावजूद वहीं खड़े हो जाते हैं या गलत तरीके से वाहन रोक देते हैं। इससे पीछे से आने वाले वाहनों की आवाजाही बाधित होती है और देखते ही देखते जाम की स्थिति बन जाती है। यह समस्या खासतौर पर व्यस्त समय में और अधिक गंभीर हो जाती है। यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि लेफ्ट फ्री का सही अर्थ और यातायात नियमों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नियमों की अनदेखी न सिर्फ जाम का कारण बनती है बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिसकर्मी सड़क पर लोगों के बीच जाकर उन्हें लेफ्ट फ्री सहित अन्य यातायात नियमों की जानकारी दे रहे हैं और नियमों का पालन करने की अपील कर रहे हैं ताकि लोग चालानी कार्रवाई से भी बच सकें।यातायात पुलिस का मानना है कि जब तक नागरिक स्वयं नियमों को समझकर उनका पालन नहीं करेंगे, तब तक यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारू नहीं हो सकती।




