
बिलासपुर- संत निरंकारी मिशन, शाखा बिलासपुर द्वारा रविवार को एक दिवसीय जोन स्तरीय ई.एम.एस. इंग्लिश मीडियम स्कूल संत समागम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्थानीय सत्संग भवन, राजा रघुराज सिंह स्टेडियम के पीछे, इमलीपारा में सम्पन्न हुआ। समागम का आयोजन सद्गुरू माता सुदीक्षा जी महाराज की असीम कृपा और अशोक जुनेजा (भोपाल) के सान्निध्य में प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक हुआ।इस विशेष समागम में बिलासपुर जोन के विभिन्न क्षेत्रों — कोरबा, जांजगीर-चाम्पा, पेण्ड्रा, बिल्हा-चकरभाठा, अंबिकापुर तथा पत्थलगांव से बड़ी संख्या में बच्चे, अभिभावक एवं संगतों ने भाग लिया। कार्यक्रम में बच्चों ने नाटक, स्किट, गीत और नृत्य के माध्यम से परमात्मा के ज्ञान, मानवीय मूल्यों तथा आध्यात्मिक शिक्षाओं का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया।कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें आध्यात्मिक जागरूकता और नैतिक मूल्यों का समावेश करना था। आयोजन से जुड़े एक वरिष्ठ सेवादार ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक चेतना का विकास होता है।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित संगत ने सत्संग का लाभ उठाया और सतगुरू के मार्गदर्शन में एकजुटता, सेवा और विनम्रता के संदेश को आत्मसात किया। आयोजन में बच्चों के उत्साह और समर्पण ने उपस्थित जनसमूह को विशेष रूप से प्रभावित किया।




