
रतनपुर के रानीपारा क्षेत्र में बड़ा महादेव मंदिर के पास निर्माण कार्य के दौरान अचानक मिट्टी की दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में जोड़ाई का काम कर रहा मिस्त्री मलबे में दब गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया।स्थानीय लोगों की मदद से घायल मिस्त्री को मलबे से बाहर निकाला गया, जबकि उसके साथ काम कर रही महिला को सुरक्षित बचा लिया गया। घायल की हालत बिगड़ने पर उसे पहले रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे सिम्स, बिलासपुर रेफर कर दिया।बताया जा रहा है कि निजी मकान में निर्माण कार्य चल रहा था, इसी दौरान यह हादसा हुआ। सिम्स में घायल को ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। प्रशासन ने घटना की जानकारी लेकर निर्माण स्थल पर सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने की बात कही है।




