
राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत गोद ग्राम नेवसा, विकासखंड कोटा, जिला बिलासपुर में 20 से 26 दिसंबर तक विशेष सात दिवसीय शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर की थीम “नशा मुक्त समाज के लिए युवा” रखी गई है। शिविर के माध्यम से बैगा एवं गौड़ आदिवासी समुदाय के बीच नशा मुक्ति, घरेलू हिंसा, लैंगिक समानता, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर अभियान चलाया जाएगा।

शनिवार को महाविद्यालय परिसर से एनएसएस स्वयंसेवकों की टीम शिविर स्थल के लिए रवाना हुई। इस अवसर पर अटल विश्वविद्यालय के कुल सचिव तर्निश गौतम, महाविद्यालय के अध्यक्ष संजय दुबे, प्राचार्य, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अतिथियों ने स्वयंसेवकों को सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने और गांव में रहकर सेवा कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवक ग्रामीणों के साथ संवाद कर नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराएंगे, घरेलू हिंसा के खिलाफ जागरूकता फैलाएंगे तथा लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित करेंगे। साथ ही स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को सकारात्मक संदेश दिया जाएगा। यह शिविर युवाओं को सामाजिक परिवर्तन का वाहक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।




