Site icon Grand Gumber News

नोवा स्पंज आयरन प्लांट में देर रात भीषण आग, तीन मजदूर झुलसे बिल्हा के अमेरा-अकबरी गांव में हादसा, पुलिस जांच में जुटी

बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र के अमेरा-अकबरी गांव स्थित नोवा स्पंज आयरन प्लांट में देर रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से प्लांट में काम कर रहे तीन मजदूर झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित किया।जानकारी के मुताबिक घटना देर रात करीब डेढ़ बजे की है। उस समय प्लांट में काम चल रहा था, तभी अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने प्लांट के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान तीन मजदूर आग की चपेट में आकर झुलस गए।घटना के बाद घायल मजदूरों को तुरंत इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। आग लगने की सूचना मिलते ही बिल्हा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी।फिलहाल तीनों घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है और डॉक्टरों की निगरानी में उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वहीं पुलिस और प्लांट प्रबंधन आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी या अन्य कारणों की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा रहा है।

Exit mobile version