
छत्तीसगढ़ की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर पर ईडी की छापेमारी और उनके बेटे चेतन्य की गिरफ्तारी ने कांग्रेस बनाम केंद्र सरकार के टकराव को नई चिंगारी दे दी है। भिलाई में शुक्रवार सुबह शराब घोटाले के सिलसिले में ईडी ने छापेमारी की।

भूपेश बघेल के बेटे चेतन्य बघेल को हिरासत में लेकर रायपुर ईडी दफ्तर ले जाया गया। जहां उनसे पूछताछ जारी है। यह कार्रवाई चेतन्य के जन्मदिन के दिन हुई, जिस पर बघेल ने तीखा तंज कसा है।भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर हमला बोलते हुए कहा जैसा जन्मदिन का तोहफ़ा ये देते हैं, वैसा कोई लोकतंत्र में नहीं देता।

उन्होंने याद दिलाया कि उनके जन्मदिन पर भी उनके सलाहकारों के घर ईडी भेजी गई थी।इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस का आरोप है कि विपक्ष की आवाज़ दबाने के लिए ईडी का दुरुपयोग किया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि “डबल इंजन” विपक्ष का गला घोंटने पर आमादा है। कांग्रेस ने इसे बदले की राजनीति बताया है।

शराब घोटाले में ईडी की एफआईआर के मुताबिक घोटाला 2,000 करोड़ से ज्यादा का है, जिसमें अफसरों, कारोबारियों और नेताओं की मिलीभगत का आरोप है। आंकड़ों के मुताबिक 1392 करोड़ रुपए मंत्रियों, 358 करोड़ शराब डिस्टलर और 181 करोड़ अनवर ढेबर और अनिल टुटेजा के खाते में पहुंचे।

उधर भिलाई स्थित बघेल निवास के बाहर समर्थकों ने भारी प्रदर्शन किया। गेट तोड़ने की कोशिश हुई, पुलिस से झड़पें हुईं, और नारेबाज़ी गूंज उठी। सुरक्षा कड़ी है और कांग्रेस ने आज राज्यभर में विरोध-प्रदर्शन का ऐलान किया है।




