Site icon Grand Gumber News

न्यायधानी में फिर खूनखराबा सरेराह चाकू से जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार,सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में बाइक टक्कर के बाद विवाद, आदतन बदमाश ने दिया वारदात को अंजाम….

बिलासपुर:- न्यायधानी में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार रात सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के जूना बिलासपुर में मामूली विवाद के बाद आदतन बदमाशों ने एक पिता पर सरेराह चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, खेती किसानी करने वाले उमेश शर्मा अपने बेटे प्रखर शर्मा के साथ मंगला से मोपका घर लौट रहे थे। जैसे ही वे नागो राव स्कूल और मस्जिद रोड के पास पहुंचे, सामने से आ रही बाइक ने अचानक कट मारते हुए उनकी बाइक से टक्कर मार दी।टक्कर के बाद बाइक सवार आदतन बदमाश अरमान खान, सैफ खान और अमन भौरे ने पिता-पुत्र को रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर अरमान खान ने अपने पास रखे बटन चाकू से उमेश शर्मा पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे वे लहूलुहान हो गए।घायल के बेटे प्रखर ने हिम्मत दिखाते हुए पिता को सिम्स अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों की तलाश शुरू की और थोड़ी मशक्कत के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया।जांच में सामने आया कि हमले में शामिल अरमान खान हाल ही में जेल से बाहर आया था, जबकि सैफ खान के खिलाफ थानों में दर्जनों आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से बटन चाकू और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त कर ली है। लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं ने शहरवासियों में डर का माहौल बना दिया है। लोगों का कहना है कि ऐसे आदतन अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना मुश्किल हो जाएगा। फिलहाल देखने वाली बात होगी कि पुलिस इस पर किस तरह से मुहिम चलाकर चाकूबाजी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाती है।

Exit mobile version