Site icon Grand Gumber News

पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर श्रद्धांजलि सभा, स्वच्छता अभियान और सदस्यता अभियान को मिली नई गति

उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने एकात्म मानववाद के प्रणेता,प्रसिद्ध विचारक एवं चिंतक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें सादर नमन किया हैं। उन्होंने दीनदयाल गार्डन में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर नगर निगम द्वारा आयोजित स्वच्छता ही सेवा अभियान में भी हिस्सा लिया। गार्डन में विधायकों और जनप्रतिनिधियों के साथ झाड़ू लगाकर कचरा साफ किया। स्वच्छता दीदियों को साड़ी और किट भी वितरित किए। स्वच्छता मैराथन को हरी झंडी दिखाई। विधायक धरमलाल कौशिक, धरमजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सिंह चौहान, कलेक्टर अवनीश शरण, निगम आयुक्त अमितकुमार भी अभियान में शामिल हुए।मुख्य अतिथि की आसंदी से उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय देश के बड़े विचारक एवं चिंतक हुए हैं। उन्होंने आधुनिक राजनीति को एक नई दिशा दी ।देश की विरासत के अनुरूप हमारा देश तरक्की करे, ये उनका विचार था।

उनकी विचारधारा के अनुरूप देश के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आगे ले जा रहे हैं। पूरी दुनिया यह मान रही है कि 21वीं सदी भारत की है और भारत ही देश ही विश्व का नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने स्वच्छता को जीवन में सर्वोच्च स्थान दिया। इसका सीधा संबंध हमारी बेहतरी और स्वास्थ्य से जुड़ा है ।भारत सरकार एवं राज्य सरकार स्वच्छता पर लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जन भागीदारी और सबके सहयोग से ही अभियान पूरा और सफल होगा। अरुण साव ने गार्डन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की नई प्रतिमा स्थापित करने के लिए पार्षद दुर्गा सोनी की ओर से 5 लाख रुपए दिए जाने की घोषणा की जानकारी दी। समारोह को विधायक धरमलाल कौशिक ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर आयोजित मैराथन रैली में शहर के सभी वर्गों के लोगों ने हिस्सा लिया। चौक चौराहों पर निगम द्वारा पानी और ग्लूकोज की व्यवस्था की गई। इस दिन सभी बूथों पर कार्यक्रम आयोजित कर भाजपा के सदस्यता अभियान के तहत जारी लक्ष्य को हांसिल किया गया।

Exit mobile version