Site icon Grand Gumber News

पति की हत्या कर लाश को सूटकेस में बंद करने वाली पत्नी महाराष्ट्र से गिरफ्तार जशपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी, मनमाड़ जंक्शन पर धर दबोची गई फरार हत्यारिन मंगरीता भगत

दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम भिंजपुर में पति की हत्या कर लाश को सूटकेस में छिपाने वाली महिला मंगरीता भगत आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गई। 9 नवंबर को मृतक संतोष भगत का शव उसके ही घर में सूटकेस से बरामद हुआ था। पुलिस ने मामले में बीएनएस के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया था।घटना के बाद से फरार चल रही आरोपी पत्नी को पकड़ने के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई थी। मुखबिर की सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर टीम महाराष्ट्र रवाना हुई और आरपीएफ तथा जीआरपी की मदद से मनमाड़ जंक्शन नासिक से आरोपी मंगरीता भगत को गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में आरोपी महिला ने कबूल किया कि पति-पत्नी के बीच चरित्र को लेकर विवाद होता था। घटना के दिन पति संतोष भगत ने मारपीट की, जिसके बाद गुस्से में मंगरीता ने पत्थर की शील पट्टा से उसके सिर पर दो बार वार किया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बाद में उसने शव को सूटकेस में बंद कर घर में छिपा दिया और फरार हो गई।आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त शील पट्टा बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।इस कार्रवाई में एसपी शशि मोहन सिंह, जीआरपी एसपी श्वेता सिन्हा, डीएसपी अख्तर, आरपीएफ पुलिस, निरीक्षक संत लाल आयाम, थाना प्रभारी कृष्ण कांत साहू और सायबर टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस का कहना है कि यह गिरफ्तारी जशपुर जिले में गंभीर अपराधों के खिलाफ सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का उदाहरण है।

Exit mobile version