Site icon Grand Gumber News

परीक्षा केंद्रों के प्राचार्यों की बैठक, व्यवस्था और सुविधाओं का आकलन करने दिए निर्देश, बिलासपुर में 131 परीक्षा केंद्र, लगभग 35 हजार विद्यार्थी देंगे बोर्ड परीक्षा

फरवरी माह में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को लेकर छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने अपनी प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिले के सभी परीक्षा केंद्रों के प्राचार्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बोर्ड परीक्षाओं के सुचारू संचालन को लेकर विस्तृत निर्देश दिए गए। प्राचार्यों को अपने-अपने स्कूलों में बैठक व्यवस्था, परीक्षा कक्षों की क्षमता, फर्नीचर की उपलब्धता, प्रकाश–पंखा व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी तैयारियों की जानकारी जिला शिक्षा विभाग को उपलब्ध कराने कहा गया है।मंडल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निजी स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाने से यथासंभव बचा जाए। जिला शिक्षा विभाग भी इसी दिशा में प्रयासरत है।

शहरी क्षेत्रों में कुछ निजी स्कूलों को आवश्यकता के अनुसार केंद्र बनाया जा सकता है, लेकिन ग्रामीण अंचलों में निजी शालाओं को परीक्षा केंद्र न बनाने की प्राथमिकता रखी गई है। विभाग का मानना है कि सरकारी स्कूलों में पर्याप्त सुविधा और संसाधन उपलब्ध हैं, जिससे परीक्षा संचालन अधिक पारदर्शी और सुरक्षित रहेगा।बिलासपुर जिले में इस वर्ष कुल 131 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। बोर्ड परीक्षा में लगभग 35,000 विद्यार्थी शामिल होंगे। जिला शिक्षा विभाग ने सभी केंद्र प्रभारियों को समय पर तैयारियां पूर्ण करने, संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने और परीक्षार्थियों के लिए शांतिपूर्ण व निष्पक्ष परीक्षा वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Exit mobile version