
बिलासपुर :- तखतपुर थाना क्षेत्र के निगारबंद गांव स्थित पाठ बाबा मंदिर में पुजारी जागेश्वर पाठक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सुलझा ली। घटना स्थल पर एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को शुरुआती जांच में ही पकड़ लिया, जबकि मुख्य आरोपी सुरेश धुरी को देर रात धमतरी पुलिस की मदद से भखारा से गिरफ्तार किया गया।जांच में खुलासा हुआ कि मृतक पुजारी जागेश्वर पाठक का आरोपी सुरेश धुरी की पत्नी से प्रेम संबंध था। इसी अवैध रिश्ते के चलते छह महीने पहले सुरेश और उसकी पत्नी का सामाजिक तलाक हुआ था। यही रंजिश सुरेश के मन में बैर बन गई, और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पुजारी की हत्या की साजिश रची।घटना की रात आरोपी सुरेश अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल की पूजा करने के बहाने पुजारी को बाहर बुलाया। इसके बाद ईंट और सस्पेंशन पाइप से वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। हत्या में शामिल आरोपियों में हेमकुमार धुरी, मुकेश धुरी, धनराज बंदे और एक नाबालिग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।एएसपी ग्रामीण अर्चना झा, एसडीओपी कोटा और थाना तखतपुर पुलिस टीम सहित ACCU यूनिट की सतर्कता से यह अंधा कत्ल महज घंटों में सुलझ सका। मुख्य आरोपी सहित सभी अपराधियों को पकड़ने में पुलिस की तत्परता की सराहना की जा रही है। फिलहाल आरोपियों पर हत्या और लूट की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।




