
पाण्डुका रेंज के जंगलों में एक खूंखार बाघ की मौजूदगी ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में वन विभाग द्वारा माइक से मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। स्थानीय लोगों ने कई स्थानों पर बाघ के पगचिह्न देखे हैं, जिसे लेकर वन विभाग ने पुष्टि की है कि क्षेत्र में ‘टाइगर किंग’ की दस्तक हुई है।वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, पाण्डुका रेंज के जंगलों में बाघ की सक्रियता देखी गई है। टाइगर के पैर के निशान पाण्डुका, बेलगहना, सोनसरी और आसपास के कई गांवों के नजदीक पाए गए हैं। इसके चलते वन विभाग ने पाण्डुका रेंज के दर्जनों गांवों में अलर्ट जारी किया है। क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है और ग्रामीण अपने बच्चों व मवेशियों को घर से बाहर भेजने से बच रहे हैं।वन विभाग की टीमें बाघ की लोकेशन ट्रैक करने के लिए लगातार निगरानी कर रही हैं। ड्रोन कैमरे, सीसीटीवी और ट्रैकिंग डिवाइस की मदद से बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल की ओर न जाएं और कोई भी संदिग्ध गतिविधि तुरंत नजदीकी वन कार्यालय को सूचित करें।फिलहाल वन विभाग की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।




