Site icon Grand Gumber News

पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से हमला, गुस्साए साथियों ने स्कूटी में लगाई आग…

सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश की वजह से एक युवक ने अपने ही दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है, वहीं इस घटना के बाद गुस्साए साथियों ने आरोपी की स्कूटी को आग के हवाले कर दिया।आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है, लेकिन स्कूटी में आग लगाने वाले अब भी फरार हैं। घटना गणेश नगर चुचुहियापारा और मोमिनपारा के बीच की है,जहां रहने वाले नाबालिग आरोपी और प्रिंस उर्फ लल्ला आपस में दोस्त हैं और दोनों नशे के आदी हैं। रविवार शाम दोनों ओवरब्रिज के पास टहल रहे थे, तभी पुरानी रंजिश को लेकर उनके बीच बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि नाबालिग आरोपी ने चाकू निकालकर लल्ला पर हमला कर दिया। हमले में लल्ला गंभीर रूप से घायल हो गया। खून से लथपथ हालत में वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।घायल लल्ला को उसके दोस्तों ने एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे सिम्स रेफर कर दिया गया। इधर, घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। घायल के दोस्तों ने आरोपी के घर के पास पहुंचकर जमकर हंगामा किया और उसकी स्कूटी को बाहर निकालकर आग लगा दी।मामले की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। हंगामा कर रहे युवकों को खदेड़ा गया और इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि नाबालिग आरोपी घटना के बाद रायपुर भाग गया था, लेकिन सिरगिट्टी पुलिस की टीम ने उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ गम्भीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष भेज दिया है।वहीं स्कूटी में आग लगाने वाले युवकों की पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से जांच कर रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version