
पुलवामा आतंकी हमले की पुण्यतिथि के अवसर पर 14 फरवरी को बिलासपुर में शहीद जवानों की स्मृति में एक विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। “एक शाम शहीदों और सैनिक परिवार के नाम” शीर्षक से आयोजित यह एक दिवसीय कार्यक्रम समस्त राष्ट्रवादी संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा।इस संबंध में बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजकों ने जानकारी दी कि कार्यक्रम के दौरान पुलवामा हमले में शहीद सैनिकों के साथ-साथ शहीद पुलिस कर्मियों का सम्मान किया जाएगा।

कार्यक्रम में विभिन्न राष्ट्रवादी संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।आयोजकों ने बताया कि 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों ने सीआरपीएफ जवानों के काफिले पर हमला किया था, जिसमें 40 से अधिक वीर जवान शहीद हो गए थे। यह हमला देश के इतिहास के सबसे दर्दनाक आतंकी हमलों में से एक था।उन्होंने कहा कि शहीदों की याद में यह कार्यक्रम न केवल श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर है, बल्कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति संकल्प को भी मजबूत करता है। 14 फरवरी को हर भारतीय को राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ पुलवामा जैसी कायराना घटनाओं के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए।




