Site icon Grand Gumber News

पुलिस कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन प्रशासन–प्लांट गठजोड़ के आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग

रायगढ़ जिले के कलमी गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने मंगलवार को कोतरा रोड थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट प्रबंधन के दबाव में पुलिस गांव के निर्दोष लोगों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। ग्रामीणों ने बताया कि बिना किसी उचित कारण और जांच के पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज की जा रही है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। इसी क्रम में गांव के पंच रमेश यादव को बीती रात बिना किसी सूचना के पुलिस द्वारा उठाकर ले जाया गया। ग्रामीणों के अनुसार, रमेश यादव के परिवार में बीमारी की गंभीर स्थिति है, इसके बावजूद पुलिस ने संवेदनहीनता दिखाते हुए कार्रवाई की।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस और प्लांट प्रबंधन मिलकर आम लोगों पर दबाव बना रहे हैं और मनमानी कर रहे हैं। पहले से दर्ज मामले में भी नाम बदलकर कार्रवाई करने की शिकायत ग्रामीणों ने थाने में की। उनका कहना है कि गांव में माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है और आमजन को न्याय नहीं मिल रहा। प्रदर्शनकारियों ने मांग रखी कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच हो, गलत तौर पर दर्ज एफआईआर को वापस लिया जाए और पुलिस मनमानी पर रोक लगे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

Exit mobile version