Site icon Grand Gumber News

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की सुरक्षा का जिला प्रशासन ने लिया जायजा,4 दिसंबर को अटल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल-

4 दिसंबर को देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बिलासपुर पहुंचने वाले हैं, जहां वे अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त अमित कुमार समेत प्रशासनिक टीम विश्वविद्यालय परिसर पहुंची।

अधिकारियों ने पूर्व राष्ट्रपति के आगमन, मंच तक पहुंचने, समारोह में ठहराव और वापसी मार्ग तक की संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने उनके आगमन से प्रस्थान तक की विस्तृत जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराई, जिसमें कार्यक्रम का टाइमलाइन, सुरक्षा घेरा, अतिथियों की मूवमेंट और रूट मैप शामिल था।निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने विश्वविद्यालय प्रबंधन को कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इनमें वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान भीड़ नियंत्रण, पार्किंग प्रबंधन, आपातकालीन एग्जिट पॉइंट, फायर सेफ्टी, मेडिकल रिस्पॉन्स टीम और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती जैसे बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। साथ ही आयोजन स्थल के प्रवेश और निकास मार्गों पर सुरक्षा जांच को और सुदृढ़ करने तथा पूरे परिसर की क्लीन-अप ड्राइव सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

Exit mobile version