Site icon Grand Gumber News

पेण्ड्रीडीह चौक से नेहरू चौक मार्ग के लिए 40.79 करोड़ रुपये स्वीकृत, गुणवत्ता में लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही, सख्त कार्रवाई के निर्देश

राज्य शासन ने बिलासपुर शहर के महत्वपूर्ण पेण्ड्रीडीह चौक से नेहरू चौक मार्ग के मजबूतीकरण के लिए 40 करोड़ 79 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से लगभग 15.38 किलोमीटर लंबी सड़क का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा, जिससे यातायात सुगम होने के साथ-साथ शहरवासियों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के पश्चात राज्य शासन द्वारा मंत्रालय स्तर से प्रमुख अभियंता को राशि स्वीकृति संबंधी परिपत्र जारी कर दिया गया है। उप मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य में प्रयुक्त होने वाली सामग्रियों की गुणवत्ता तथा संपूर्ण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया है कि निविदा प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाए तथा निर्माण कार्य के प्राक्कलन और क्रियान्वयन में मितव्ययिता बरती जाए। साथ ही निर्माण एजेंसी से अनुबंधित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि कार्य पूर्ण करने के लिए अनावश्यक समय-सीमा वृद्धि नहीं दी जाएगी। केवल अपरिहार्य एवं नियंत्रण से बाहर के मान्य कारणों की स्थिति में ही सक्षम अधिकारी द्वारा समय-सीमा में वृद्धि की जा सकेगी।

Exit mobile version