Site icon Grand Gumber News

प्रदेश में गायों की बदहाल स्थिति, कांग्रेस ने लगाया बड़ा आरोप 5 लाख पशुधन लापता, 2500 की मौत

बिलासपुर। कांग्रेस नेताओं जिला अध्यक्ष विजय पांडे और विजय केशरवानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले पौने दो सालों में प्रदेश से लगभग 5 लाख गोवंश गायब हो गए हैं, जबकि करीब 2500 गायों की भूख, प्यास और सड़क दुर्घटनाओं में मौत हो चुकी है। नेताओं ने बताया कि भाजपा सरकार बनने के बाद कांग्रेस शासनकाल में शुरू की गई गौठान योजना और गोबर खरीदी योजना बंद कर दी गई, जिससे चारा-पानी के अभाव में बड़ी संख्या में गायें सड़कों पर भटकने को मजबूर हो गईं।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार ने न तो वैकल्पिक व्यवस्था की और न ही गो-अभ्यारण्य या गो-धाम बनाने का अपना वादा पूरा किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, 850 से अधिक गायें सड़क दुर्घटनाओं में कुचलकर मारी गईं, 1200 से अधिक भूख-प्यास से तड़पकर मरीं, और 200 से अधिक जहरीला कचरा खाने से दम तोड़ चुकी हैं। नेताओं ने केंद्र सरकार पर भी हमला बोला और कहा कि बीजेपी खुद को गौ-रक्षक बताती है लेकिन उसकी नीतियों के कारण भारत बीफ निर्यात में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीफ निर्यातक कंपनियों से भाजपा ने इलेक्टोरल बॉन्ड्स के जरिए चंदा भी लिया, जो यह साबित करता है कि सरकार ढोंग के बजाय गोवंश के विनाश में सहभागी है। कांग्रेस ने मांग की है कि सरकार तत्काल प्रदेश से लापता 5 लाख गोवंश के बारे में स्पष्टीकरण दे तथा 2023 के पहले तक संचालित सभी 10800 गौठानों को पुनः शुरू कर चारा-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तुरंत कार्रवाई नहीं की तो जन आंदोलन किया जाएगा।

Exit mobile version