Site icon Grand Gumber News

प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित दिव्यांग परिवार ने कलेक्टर से लगाई गुहार

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र होने के बावजूद एक जरूरतमंद परिवार को अब तक लाभ नहीं मिल पाया है। मामला बिलासपुर जिले के ग्राम हरदी का है, जहां के निवासी जोगेश्वर प्रसाद यादव ने कलेक्टर संजय अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की है। जोगेश्वर यादव ने बताया कि वे और उनकी पत्नी गंभीर बीमारियों से ग्रसित हैं और बेहद खराब स्थिति में जीवन यापन कर रहे हैं। उनका कहना है कि पंचायत द्वारा बनाए गए पात्रता सूची में उनका नाम होने के बाद भी उन्हें अब तक आवास स्वीकृत नहीं किया गया है,जबकि अन्य अपात्र लोगों को योजना का लाभ मिल चुका है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ आर्थिक रूप से सक्षम लोगों को पैसे लेकर आवास योजना का लाभ दे दिया गया, जबकि उनका खुद का 30 साल पुराना कच्चा मकान है जो पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। बरसात के दिनों में मकान में पानी भर जाता है और जहरीले जीव-जंतु घर में घुस जाते हैं, जिससे उनका परिवार पूरी रात जागकर बिताने को मजबूर होता है। उन्होने यह भी बताया कि उन्होंने सरपंच, सचिव और जनपद सीईओ तक कई बार आवेदन दिया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। यहां तक कि लोक सेवा केंद्र में भी उन्होंने आवेदन दिया था, मगर उनकी समस्या को नजरअंदाज कर दिया गया। इससे नाराज होकर उन्होंने अब सीधे कलेक्टर से मदद की गुहार लगाई है। जोगेश्वर यादव ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि उनकी जांच कर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करें, ताकि उन्हें आवास योजना का लाभ जल्द से जल्द मिल सके। उन्होंने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन उनकी दुर्दशा को समझते हुए मानवीय आधार पर न्याय दिलाएगा।

Exit mobile version