
तखतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बकरियों की चोरी के मामले में पुलिस को सफलता हाथ लगी है। क्षेत्र के निवासी कुंज बिहारी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बकरियों को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मुंगेली जिले के कोसमां गांव का रहने वाला राजा राम चोरी की बकरियों को बेचने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया।उसने बताया कि चोरी की गई बकरियों में से पांच बकरियां वह पहले ही बिलासपुर के शनिचरी बाजार में बेच चुका है। बिक्री से प्राप्त रकम में से खर्च करने के बाद आरोपी के पास बचे 10 हजार रुपये पुलिस ने जब्त किए। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो बकरियां भी बरामद की हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है




