
बस्तर ओलंपिक-2025 के संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन 11 से 13 दिसम्बर तक संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में किया जाएगा। उप मुख्यमंत्रीद्वय अरुण साव और विजय शर्मा ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को उत्कृष्ट और पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। बस्तर ओलंपिक के जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के तीन हजार विजेता खिलाड़ी संभाग स्तरीय मुकाबलों में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही लगभग 500 नक्सल पीड़ित और पुनर्वासित नक्सली भी खेल स्पर्धाओं में भागीदारी कर अपना कौशल और दमखम दिखाएंगे। रायपुर सिविल लाइन स्थित निवास कार्यालय में हुई बैठक हुई उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि बस्तर ओलंपिक केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विकास और खेल का संगम है। यह बस्तर के युवाओं में नेतृत्व विकास और सशक्तीकरण की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रतिभागियों के लिए खेल प्रबंधन, आवास, साफ-सफाई, भोजन, परिवहन, सुरक्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक हर स्तर पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बस्तरवासियों के साथ ही देश और दुनिया में बस्तर ओलंपिक का सकारात्मक संदेश जाए। वहीं उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने सभी विभागों को इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए अपनी जिम्मेदारियां गंभीरता और सक्रियता से निभाने के लिए कहा।

उन्होंने पिछले और वर्तमान विजेता खिलाड़ियों को यूथ-आइकॉन बनाकर अधिक से अधिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि अन्य युवा भी प्रेरित हो सकें। बस्तर जिले के प्रभारी खेल अधिकारी ऋषिकेश तिवारी ने बताया कि बस्तर संभाग के सभी 32 विकासखंडों से कुल 3 लाख 91 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने बस्तर ओलंपिक के लिए पंजीयन कराया था। विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं के दस हजार से अधिक विजेताओं ने जिला स्तर पर मुकाबले खेले, जिनमें से करीब तीन हजार खिलाड़ी संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में उतरेंगे। ये खिलाड़ी एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, कराटे, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और रस्साकशी जैसे 11 खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। संभाग स्तरीय आयोजन के तहत फुटबॉल, वॉलीबॉल, कराटे, वेटलिफ्टिंग और बैडमिंटन की प्रतियोगिताएं जगदलपुर के सिटी ग्राउंड में, हॉकी के मैच पंडरीपानी स्थित खेलो इंडिया सेंटर में तथा कबड्डी, खो-खो, आर्चरी, एथलेटिक्स और रस्साकशी की स्पर्धाएं धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में आयोजित की जाएंगी।




