
बाबा गुरु घासीदास जयंती पर्व के अवसर पर मुंगेली जिले सहित तखतपुर में समाज के लोगों द्वारा श्रद्धा और उत्साह के साथ अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। तखतपुर में इस पावन अवसर पर दिनभर धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।कार्यक्रम की शुरुआत सुबह से ही गुरु घासीदास भवन में हुई, जहां बाबा के अनुयायियों और श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा रहा। भक्तों ने पूजा-अर्चना कर बाबा गुरु घासीदास के सतनाम, समानता और मानवता के संदेश को स्मरण किया। दोपहर के समय युवाओं एवं महिलाओं के नेतृत्व में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बाबा के विचारों और संदेशों का बखान किया गया।

कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गांधी चौक पहुंची, जहां नगर पालिका अध्यक्ष पूजा मक्कड़ के नेतृत्व में सभी पार्षदों द्वारा यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।शाम को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत किया गया तथा समाज के उन बच्चों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मंच से समाज के भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। वहीं तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने विधायक निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। दोनों घोषणाओं पर समाज के लोगों ने तालियों के साथ आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में पूर्व विधायक चोवादस खांडेकर, नगर पालिका अध्यक्ष पूजा मक्कड़, भाजपा नेता संतोष कौशिक सहित नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। आयोजन ने सामाजिक एकता और बाबा गुरु घासीदास के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। तखतपुर से विनय करीहार




