
बिजली बिल में भारी बढ़ोतरी और बार-बार हो रही अघोषित बिजली कटौती के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को खोरपा बिजली कार्यालय के पास जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिला पंचायत सदस्य लोकमणि कोसले ने किया। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।लोकमणि कोसले ने कहा कि क्षेत्र में दिनभर में 10 से 12 बार अकारण बिजली कटौती हो रही है, जिससे आम जनता, किसान, दुकानदार और छात्र सभी प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, बिजली बिलों में भी भारी वृद्धि दर्ज की जा रही है, जो आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है।प्रदर्शन के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि नियमित बिजली आपूर्ति न होने से पीने के पानी, सिंचाई और बच्चों की पढ़ाई तक बाधित हो रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।




