
अचानकमार टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में बसे आदिवासी वन ग्राम बिंदावल में जीवधर्णी फाउंडेशन ने मंगलवार को शिक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। नगर कोटा से 40 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री के अभाव का सामना करना पड़ता है। इसी कमी को पूरा करने के लिए फाउंडेशन ने पहल की।कार्यक्रम में फाउंडेशन ने बच्चों को कॉपियां, पेन, स्लेट, पेंसिल जैसी जरूरी अध्ययन सामग्रियां भेंट कीं।

इसके साथ ही पिछले वर्ष परीक्षा में प्रथम अंक लाने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया गया। इस सम्मान से अन्य विद्यार्थियों में भी पढ़ाई के प्रति उत्साह और प्रतिस्पर्धा का भाव देखने को मिला।बच्चों को संबोधित करते हुए फाउंडेशन के सदस्यों ने शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा न केवल व्यक्तिगत विकास बल्कि समाज के उत्थान के लिए भी जरूरी है।

कार्यक्रम में नशे से दूर रहने, पर्यावरण संरक्षण और नैतिक मूल्यों के पालन जैसे विषयों पर भी जागरूक किया गया।इस अवसर पर जीवधर्णी फाउंडेशन के अध्यक्ष विकास चंद्र वर्मा, अभिषेक सिंह ठाकुर, प्रदीप कुशवाहा, प्रधान पाठक सुरेंद्र उरांव और भुवनेश्वर सिंह राठिया उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर बच्चों को प्रोत्साहित किया और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।




