Site icon Grand Gumber News

बिजली कनेक्शन काटने का झांसा देकर महाधिवक्ता के निज सचिव से 54 हजार की ठगी…

बिलासपुर में साइबर अपराधियों ने नया फॉर्मूला अपनाते हुए ठगी की वारदात को अंजाम दिया। ठगों ने बिजली कनेक्शन काटने का डर दिखाकर महाधिवक्ता कार्यालय में कार्यरत निज सचिव अविनाश चंद्रन के बैंक खाते से 54 हजार रुपये उड़ा लिए।ठगों ने खुद को सीएसईबी अधिकारी बताकर अविनाश चंद्रन को फोन किया और कहा कि उनके रायपुर स्थित बंद मकान का बिजली मीटर अपडेट नहीं हुआ है। यदि तत्काल अपडेट नहीं कराया गया तो कनेक्शन काट दिया जाएगा। ठग की बातों में आकर पीड़ित ने दिए गए लिंक पर क्लिक किया और ओटीपी साझा कर दिया, जिसके बाद उनके खाते से पैसे निकाल लिए गए।पीड़ित को ठगी का अहसास तब हुआ जब उनके मोबाइल पर बैंक ट्रांजेक्शन का मैसेज आया। इसके बाद उन्होंने तुरंत चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शुरुआत में पुलिस ने शिकायत दर्ज नहीं की क्योंकि खाते से कोई राशि नहीं कटी थी। लेकिन अगले दिन, 20 मार्च को दोबारा ओटीपी जनरेट हुआ और खाते में पैसे नहीं मिले, जिससे ठगी की पुष्टि हो गई।अब चकरभाठा पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और साइबर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है। एसडीओपी चकरभाठा, रश्मित कौर चावला ने बताया कि साइबर अपराधी लगातार फर्जी कॉल और लिंक के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ओटीपी या बैंकिंग डिटेल्स किसी से साझा न करें।

Exit mobile version