Site icon Grand Gumber News

बिलासपुर के सर्वदलीय संगठनों ने राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन लद्दाख मुद्दों पर रखीं 5 प्रमुख मांगें

बिलासपुर। सर्वदलीय एवं जन संगठनों के संयुक्त मंच, बिलासपुर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को एक ज्ञापन भेजकर लद्दाख से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर हस्तक्षेप की मांग की है। यह ज्ञापन जिला कलेक्टर के माध्यम से प्रेषित किया गया। ज्ञापन में सामाजिक कार्यकर्ता एवं पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी को तत्काल निरस्त कर उनकी रिहाई सुनिश्चित करने की बात कही गई है। वांगचुक को 28 सितंबर 2025 को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत जेल भेजा गया था। ज्ञापन में कहा गया है कि लद्दाख एवं हिमालय के पर्यावरण संरक्षण के लिए सोनम वांगचुक लगातार संघर्षरत रहे हैं, ऐसे में उनकी गिरफ्तारी उचित नहीं ठहराई जा सकती। प्रतिनिधियों ने मांग की कि लद्दाख की जनता की आवाज को सुना जाए और समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से निकाला जाए। साथ ही उन सभी लोगों की रिहाई भी सुनिश्चित की जाए जिन्हें लद्दाख में विरोध के दौरान गिरफ्तार किया गया है। ज्ञापन के माध्यम से यह भी आग्रह किया गया है कि लद्दाख की समस्याओं से जुड़े सभी पक्षों के बीच सार्थक वार्ता आरंभ की जाए। स्थानीय जनता की न्यायसंगत मांगों का समाधान निकालना समय की मांग बताया गया है। प्रतिनिधियों ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सरकार की जिम्मेदारी है और जनभावनाओं को अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए।

Exit mobile version