Site icon Grand Gumber News

बिलासपुर जिले में शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल,विजय तांडे बने नए डीईओ

बिलासपुर, जिले के शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी अनिल तिवारी को उनके पद से हटा दिया गया है। उनके स्थान पर कोटा ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी विजय तांडे को बिलासपुर का नया डीईओ नियुक्त किया गया है। यह निर्णय शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों द्वारा लिया गया है। पूर्व डीईओ अनिल तिवारी को अब सहायक संचालक के पद पर स्थानांतरित कर जेडी कार्यालय भेजा गया है।नवनियुक्त जिला शिक्षा अधिकारी विजय तांडे ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने कहा कि वे बिलासपुर जिले की शिक्षा व्यवस्था का गहराई से निरीक्षण कर उचित और ठोस निर्णय लेंगे, जिससे शैक्षणिक स्तर को बेहतर किया जा सके। विजय तांडे ने स्पष्ट रूप से कहा कि स्कूलों की स्थिति में सुधार लाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि शाला संचालन, छात्रों की उपस्थिति, शिक्षकों की उपलब्धता और आधारभूत सुविधाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। शिक्षा विभाग के इस फेरबदल को लेकर जिले में चर्चा का माहौल है। लोगों को नए डीईओ विजय तांडे से उम्मीद है कि वे जिले की शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाएंगे और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करेंगे।

Exit mobile version