
जिले के पुलिस विभाग में लंबे समय से लंबित आवास समस्या को हल करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने 30 जून को ऐतिहासिक कदम उठाया। कांस्टेबल से लेकर उप निरीक्षक तक कुल 93 अधिकारी कर्मचारियों को पारदर्शी पर्ची प्रणाली के तहत आवास आबंटित किया गया।थाना स्तर पर लगातार मिल रहे आवेदन और जरूरतों के मद्देनज़र यह फैसला लिया गया।

सभी कर्मचारी उपस्थित होकर खुद पर्ची निकालते गए और जिनके नाम पर्ची में आए, उन्हें खाली पड़े सरकारी आवासों की चाबी सौंपी गई। कई ऐसे मकान जो लंबे समय से बंद थे या गलत तरीके से उपयोग हो रहे थे, उन्हें निरस्त कर जरूरतमंदों को आवंटित किया गया।

इस मौके पर एसएसपी रजनेश सिंह ने कर्मचारियों को न सिर्फ सरकारी सुविधा का लाभ उठाने, बल्कि अपने वेतन से बचत कर खुद का मकान बनाने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हर पुलिसकर्मी के पास एक स्थायी मकान, वाहन और परिवार के साथ सुखद जीवन होना चाहिए। इस पहल से विभाग में उत्साह और संतोष की लहर देखी गई। भविष्य में और भी नए आवास निर्माण की योजना बनाई जा रही है।




