Site icon Grand Gumber News

बिलासपुर प्रेस क्लब रंग, उमंग और एकता के संदेश के साथ मना रहा झमाझम फाग महोत्सव

बिलासपुर प्रेस क्लब परिसर में होली के पावन अवसर पर मंगलवार को होली मिलन एवं झमाझम फाग महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कार्यक्रम उत्साह और पारंपरिक रंगों के साथ संपन्न हुआ। आयोजन में शहर के पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुई।

उपस्थित सदस्यों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया। परिसर में रंग-बिरंगे अबीर-गुलाल और होली गीतों की मधुर धुनों से पूरा वातावरण उत्सवमय हो उठा। फाग महोत्सव के दौरान लोकगीतों और फाग गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं जिस पर उपस्थित पत्रकार और सदस्य झूमते नजर आए।

ढोल-मंजीरों की थाप पर सभी ने जमकर आनंद लिया। कार्यक्रम में पारंपरिक व्यंजनों की भी व्यवस्था की गई थी जिसका सभी ने स्वाद लिया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि होली मिलन जैसे आयोजन आपसी संबंधों को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। यह पर्व प्रेम सौहार्द और एकता का संदेश देता है जिसे समाज में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर देश और समाज की प्रगति की कामना की। सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ यह होली मिलन समारोह लंबे समय तक उपस्थित लोगों की यादों में बना रहेगा।

Exit mobile version