
बिलासपुर। जिले में एड्स नियंत्रण समिति की ओर से मंगलवार को एड्स जागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत कलेक्टर कार्यालय परिसर से हुई, जहां कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को एड्स से बचाव और सुरक्षित जीवनशैली अपनाने का संदेश देना था। रैली में शहर के विभिन्न कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में जुटे युवाओं ने साइकिल चलाते हुए जागरूकता से जुड़े नारे लगाए।

रैली कलेक्टर कार्यालय से रवाना होकर मुख्य मार्गों से होते हुए रिवर व्यू रोड तक पहुंची। युवाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर आमजन को संदेश दिया कि एड्स से बचाव ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। रैली के दौरान लोग रुक-रुक कर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते नजर आए। इस पहल ने सड़क पर चलते आम नागरिकों का ध्यान खींचा और उन्हें एड्स जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक किया।रैली का समापन रिवर व्यू रोड पर हुआ। जिला प्रशासन ने आयोजन को सफल बताते हुए युवाओं की सक्रिय भागीदारी और उत्साह की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता फैलाने और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।




