Site icon Grand Gumber News

बिलासपुर में कबाड़ी दुकान में देर रात आग, इलाके में मचा हड़कंप फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा, शॉर्ट सर्किट बनी वजह

बिलासपुर में मंगलवार देर रात एक कबाड़ी दुकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। रिंग रोड नंबर-2 के गौरपथ इलाके में लगी इस आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया, लेकिन समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया।

जानकारी के मुताबिक बिलासपुर के गौरपथ स्थित एक कबाड़ी दुकान में देर रात अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।दुकान मालिक ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद दमकल की टीम बिना देर किए मौके पर पहुंची।

टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया।बताया जा रहा है कि जिस दुकान में आग लगी, उसके ऊपर ही मकान बना हुआ था। ऐसे में आग फैलने का खतरा और ज्यादा बढ़ गया था, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया।घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जो राहत की बात है।

हालांकि आग की वजह से दुकान में रखे कबाड़ के सामान को काफी नुकसान पहुंचा है।प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण मोटर में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिजली उपकरणों का उपयोग सावधानी से करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दें, ताकि समय रहते ऐसी घटनाओं पर काबू पाया जा सके।

Exit mobile version